IPL CSK के captain कूल MS Dhoni आप तो ऐसे ना थे

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ विकेटकीपिंग के दौरान आश्चर्यचकित होते धोनी। फोटो साभार : बीसीसीआई

IPL में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) करीब-करीब एकतरफा मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) से 16 रनों से मैच हार गई। हार के असली विलेन कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) हैं। उन्होंने टीम को जीतने का कोई गंभीर प्रयास नहीं किया। उनकी बैटिंग ऐसी थी, मानो औपचारिकता पूरी कर रहे हों। फील्डिंग में वो धोनी नजर नहीं आया, जिसके लिए कैप्टन कूल फेमस हैं।

CSK के लिए आठवां ओवर पीयूष चावला (Piyush Chawla) ने फेंका, जिसमें उसने 28 रन दे दिए। RR के संजू सैमसन (Sanju Samson) प्रचंड फॉर्म में दिख रहे थे। सिक्सर्स की बारिश हो रही थी। फिर भी धोनी ने 10वां ओवर चावला को फिर थमा दिया और इस ओवर में भी रॉयल्स के सैमसन और स्मिथ ने 19 रन बंटोर लिए।

डिसिजन रिव्यू सिस्टम (DRS) को धोनी रिव्यू सिस्टम भी कहते हैं। नौवें ओवर में रविंद्र जड़ेजा (Ravindra Jadeja) की गेंद लैग स्टंप के सामने स्टीव स्मिथ (Steven Smith) के पैड पर लगी। तगड़ी अपील के बावजूद अंपायर ने नॉटआउट दिया। धोनी जड़ेजा से देर तक बात करते रहे, लेकिन रिव्यू नहीं लिया। यदि ले लेते तो स्मिथ आउट होकर पैविलियन लौटते। उस समय स्मिथ 31 रनों पर खेल रहे थे। इस जीवनदान के बाद उन्होंने 38 रन और जोड़े।

धोनी ने सबसे ज्यादा निराश बैटिंग में किया। जब वो क्रीज पर पहुंचे तो टीम का स्कोर 14 ओवर में 115/5 था। टीम को 36 गेंद पर 102 रन बनाने थे। दूसरे छोर पर फॉफ ड्यूप्लेसी (Faf du Plessis) अच्छी लय में दिख रहे थे। दोनों के बीच 31 गेंदों पर 65 रनों की साझेदारी हुई, जिसमें फॉफ ने 19 गेंद पर 55 रन और धोनी ने 12 गेंदों पर 9 रन बनाए। जब अंतिम ओवर में जीत के लिए 38 रन चाहिए थे तो धोनी ने लगातार 3 सिस्क लगा दिए। जाने वो किस को दिखाना चाह रहे थे। यदि यही तेवर पहली गेंद से दिखाते तो मैच का नतीजा कुछ और होता।