बरसों का इंतजार हुआ खत्म 14 पाकिस्तानियों को भारतीय नागरिकता के साथ मिली नई पहचान

जयपुर जिला कलक्ट्रेट में 82 वर्षीय नानक राम की आंखें उस वक्त छलक आईं, जब कई सालों के इंतजार के बाद उन्हें भारतीय नागरिकता का प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ। जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने 14 पाक विस्थापितों को नागरिकता प्रमाण-पत्र सौंपे। 52 वर्षीय कमल कुमार, 52 वर्षीय सुनिता बाई, 51 वर्षीय महेश कुमार, 71 वर्षीय सती बाई, 45 वर्षीय मीना, 45 वर्षीय हेमलता, 65 वर्षीय नख्ता राम, 41 वर्षीय पृथ्वीराज और 63 वर्षीय साईबी देवी को भी भारतीय नागरिकता प्रमाण-पत्र की सौगात मिली।
नागरिकता प्रमाण-पत्र मिलने के बाद महेश कुमार ने जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि आज कई सालों का लंबा इंतजार खत्म हुआ है और आज हम फक्र के साथ कह सकते हैं कि हम भारतीय हैं। पृथ्वीराज ने कहा कि घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। नागरिकता का प्रमाण नहीं होने के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ भी उन्हें नहीं मिल पा रहा था, लेकिन अब भारतीय नागरिकता मिलने के बाद ना केवल उन्हें पहचान मिली है, बल्कि अब सरकारी योजनाओं की मदद से वे अपने परिवार का भरण पोषण बेहतर तरीके से कर पाएंगे।
जिला कलक्टर ने भारतीय नागरिकता हासिल करने वाले सभी पाक विस्थापितों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि जिला प्रशासन नागरिकता के आवेदनों पर प्राथमिकता से नियमानुसार कार्यवाही कर प्रमाण-पत्र जारी करता है, ताकि आवेदक किसी भी परेशानी का सामना ना करना पड़े।