जयपुर के आदर्श विद्या मंदिर के पूर्व छात्रों ने होली मिलन समारोह में किया गुरुजनों का सम्मान

जयपुर. आदर्श विद्या मंदिर के पूर्व छात्रों ने रविवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।राजापार्क स्थित आदर्श विद्या मंदिर विद्यालय प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में 1967 से लेकर वर्तमान के पूर्व छात्र शामिल हुए।

समारोह का आयोजन सरस्वती वंदना से शुरू हुआ। पूर्व छात्र आलोक कौशिक ने बताया कि फूलों से होली खेली गई। आयोजन में पूर्व छात्रों द्वारा अपने गुरुजनों का सम्मान किया गया। समारोह में वयोवृद्ध गुरुदेव मोहन नागपाल, विष्णु बड़ाया, रामकुमार सिंह पुंढीर, निरंजन शर्मा सहित 20 शिक्षकों का सम्मान किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व छात्र डॉ. सुधीर सचदेव, वाइस चांसलर महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी रहे। उन्होंने कहा कि अपने सपनों को बच्चों पर मत लादना। बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ संस्कारवान बनाना। बनाने वाले ने उन्हें हमसे भी अच्छा बनाया है। उन्होंने कहा कि आज हम कुछ भी हैं, वो सब गुरुजनों की देन है। इन्हीं के आशीर्वाद से हम आगे बड़े हैं। गुलशन खत्री ने बताया कि पूर्व छात्र आपस में मिलकर बड़े खुश हुए। कई साथी तो 30-35 साल के अंतराल में पहली बार मिले हैं। बचपन की यादों को ताजा कर खूब आनंद लिया। सभी साथियों ने अपने गुरुजनों का पैर छू कर आशीर्वाद प्राप्त किया। समारोह में 500 पूर्व छात्र सम्मिलित हुए। आगुन्तक पूर्व छात्रों का स्वागत आलोक कौशिक ने किया। आभार प्रवीण अरोड़ा ने व्यक्त किया।