खुशखबरी : देश में 24 घंटों में 1 लाख से अधिक मरीज हुए कोरोना संक्रमण से मुक्त

ब्लड सैंपल पर निगेटिव के आगे टिक लगाता लैब कर्मी।

अभूतपूर्व सफलता हासिल करते हुए देश ने एक दिन में सबसे अधिक मरीज़ों के स्वस्थ होने का रिकॉर्ड (record) बनाया है। जी हां, भारत (india) में 24 घंटों में 1,01,468 रोगी ठीक हुए हैं। पिछले चार दिनों से मरीज़ों के स्वस्थ होने की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। कोरोना (corona) संक्रमण से मुक्त होने वालों की कुल संख्या 44,97,867 हो गई है। देश में मरीज़ों के ठीक होने की दर 80.86 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

ठीक होने वाले नए मामलों में से 79 प्रतिशत मामले दस राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा, दिल्ली, केरल, पश्चिम बंगाल और पंजाब से हैं। महाराष्ट्र 32,000 से अधिक नए ठीक हुए रोगियों के साथ पहले स्थान पर है। आंध्र प्रदेश में 10,000 से अधिक मरीज़ स्वस्थ हुए हैं।

रोगियों के स्वस्थ होने की बढ़ती दर और संख्या की ऐतिहासिक उपलब्धि ने भारत को विश्व स्तर पर शीर्ष स्थान पर पंहुचा दिया है। सभी के संयुक्त प्रयासों से देश में रोगियों के ठीक होने की दर बढ़ी है और मृत्यु दर न्यूनतम पर बनी हुई है, जो वर्तमान में 1.59 प्रतिशत है।