नगर निगम जयपुर हेरिटेज की सिंगल यूज प्लास्टिक पर बड़ी कार्रवाई, 430 किलो प्लास्टिक जब्त

जयपुर. नगर निगम हेरिटेज की स्वास्थ्य शाखा ने बुधवार को रामगंज में घोड़ा निकास रोड पर सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। एक गोदाम पर छापा मारकर 430 किलो प्लास्टिक जब्तकर 39,400 रुपए केरिंग चार्ज वसूला। हेरिटेज निगम के उपायुक्त स्वास्थ्य सोहन सिंह नरूका ने बताया कि हेरिटेज निगम आयुक्त अभिषेक सुराणा के निर्देश पर सिंगल यूज प्लास्टिक और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ स्वास्थ्य शाखा अभियान चला रही है।
स्वास्थ्य शाखा के चालान प्रकोष्ठ टीम को सूचना मिली थी कि रामगंज बाजार में घोड़ा निकास रोड पर एक गोदाम में भारी मात्रा प्लास्टिक थैली रखी हुई हैं। इस पर निगमकर्मियों ने गोदाम के नजर रखना शुरू कर दी। दो दिन तक गोदाम के खुलने का इंतजार किया। बुधवार को निगम दस्ते को गोदाम के खुलने की सूचना मिलने पर दबिश दी गई। यहां भारी मात्रा में प्लास्टिक थैलियों के कट्टे मिले। निगमकर्मियों ने 430 किलो प्लास्टिक को जब्तकर 20 हजार का चालान किया।
व्यापारी को सिंगल यूज प्लास्टिक को नहीं रखने और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। स्वास्थ्य शाखा ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए गंदगी और कचरा फैलाने पर चालान किए। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक टीम ने 13,200 रुपए और चालान प्रकोष्ठ ने 6200 का चालान कर केरिंग चार्ज वसूल किया। नरूका ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक प्रकृति और मानव जीवन के लिए अत्यंत हानिकारक है। निगम आमजन और व्यापारियों के बीच जाकर इसके दुष्प्रभाव बता रहा है। फिर भी इसका उपयोग करने पर चालान प्रक्रिया भी की जा रही है।
अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

जयपुर नगर निगम हेरिटेज में बैठक लेते आयुक्त अभिषेक सुराणा।

नगर निगम हेरिटेज आयुक्त अभिषेक सुराणा ने अवैध निर्माण को लेकर सभी जोन अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सुराणा के निर्देश के बाद हेरिटेज निगम के सभी जोन उपायुक्त, जोन अधिकारी, लैंड शाखा अधिकारी और सतर्कता शाखा के साथ बैठक की। सुराणा ने हेरिटेज निगम क्षेत्र में अवैध निर्माण को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सुराणा ने बताया कि सभी जोन में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई के संबंध में प्रत्येक बुधवार को रिपोर्ट ली जाएगी। मुख्यालय से रोजाना अवैध निर्माण पर कार्रवाई का निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने बारिश से जर्जर हुए मकानों को भी चिन्हित कर ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं।