दशहरा (Dussehra) से पहले कोरोना (corona) पर अच्छी खबर (good news) आई है। देश में लगातार दूसरे दिन संक्रमित मरीजों की संख्या 7 लाख से कम (6,80,680) रही। देश में कुल पॉजिटिव केसों में से केवल 8.71% संक्रमित मरीज हैं। संक्रमण से मुक्त हुए कुल मामलों की संख्या 70,16,046 हो गई है। संक्रमण मुक्त होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 89.78% हो गई है। स्वस्थ हुए मरीजों के 61% केस महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से हैं।
अच्छी बात यह है कि पिछले कुछ दिनों में संक्रमण से मुक्त होने वाले मरीजों की संख्या, नए संक्रमण की तुलना में अधिक है। पिछले 24 घंटों में कोरोना से 67,549 मरीज संक्रमण से मुक्त हुए, जबकि संक्रमण के नए केसों की संख्या 53,370 रही। संक्रमण से मुक्त 77% मामले 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हैं। एक दिन में ठीक होने वाले कुल केसों में 13,000 से अधिक मामलों के साथ महाराष्ट्र का योगदान सबसे ज्यादा है।
नए मामलों में केरल में सर्वाधिक 8000 और महाराष्ट्र में 7000 केस आए हैं। पिछले 24 घंटों में 650 मौतें भी हुई हैं। इनमें 80% मामले 10 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों से हैं। महाराष्ट्र से अधिकतम 184 मौतें हुई हैं।
राजस्थान में पिछले 24 घंटे में 1852 पॉजिटिव केस आए हैं, जबकि 12 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है। राज्य में 17100 एक्टिव केस हैं। पिछले कुछ दिनों में कोरोना के केसों में गिरावट देखी गई है।