मां राणी सती के जयकारों से गूंज उठा jaipur शहर का सीकर रोड

मां राणी सती के जयकारों से मंगलवार को जयपुर शहर का सीकर रोड गूंज उठा। नारायणी दादी सेवा संघ के 12वें वार्षिकोत्सव पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें 1300 से अधिक महिलाओं से भाग लिया। दादी सेविका अरुणा दीदी ने मां राणी सती के चमत्कारों से भक्तों को अवगत कराया।


सुबह वीकेआई रोड नंबर पांच स्थित श्री श्याम मंदिर से 1300 से अधिक महिलाओं ने दादी मां का गुणगान करते हुए कलश यात्रा निकाली। सभी महिलाओं ने गुलाबी रंग की साड़ी पहन रखी थी। कलश यात्रा में हाथी, घोड़े और लाव-लश्कर के साथ नारायणी दादी मां की भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। शोभायात्रा में विंटेज कार, राजशाही रथ आदि शामिल हुए। आयोजन स्थल पर नवदुर्गा के स्वरूप झांकी के रूप में प्रदर्शित किए गए। मां राणी सती के समक्ष महिलाओं ने सिंदूर खेला। अखण्ड ज्योत के अलावा महाकीर्तन, छप्पन भोग और महाभंडारा आयोजित किया गया। अरुणा दीदी और अन्य गायकों ने दादी मां का गुणगान किया गया, जिसे सुनकर भक्त भाव विभोर हो गए।


अरुणा दीदी ने अपने प्रवचन में दादी मां के स्वरूपों को बताया और मां के चमत्कारों की जानकारी दी। झुंझुनूं जिले में स्थित राणी सती को भक्त दादी मां के नाम से जानते हैं। दादी मां को कलियुग की दुर्गा के रूप में पूजा जाता है। अरुणा दीदी ने बताया कि दादी मां की सेवा में नारायणी दादी सेवा संघ 12 वर्षों से संचालित हो रहा है। संघ ने देहदान, नेत्रदान, रक्तदान, विद्यादान और अन्नदान का संकल्प लिया है।