आखिरकार खत्म हुआ दुनिया का सबसे बड़ा lockdown जश्न मनाने भारतीयों के पसंदीदा शहर की सड़कों पर उमड़े लोग

रेस्त्रां में जश्न मनाने पहुंचीं युवतियां।

एक ओर जहां हम भारतीय 100 करोड़ वैक्सीनेशन का जश्न मना रहे हैं, वहीं ऑस्ट्रेलिया (Australia) के शहर मेलबर्न (melbourne) में लोगों को दुनिया के सबसे लंबे लॉकडाउन (lockdown) से राहत मिल गई है। कोरोना (corona) महामारी के चलते 262 दिनों तक घरों में कैद रहने के बाद मेलबर्नियनंस अब खुद को जेल से रिहा होने जैसा महसूस कर रहे हैं। विक्टोरिया में 70 प्रतिशत वैक्सीनेशन के बाद क्लब, बार और रेस्टोंरेंट्स ने स्थानीय लोगों के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं। लॉकडाउन खत्म होने के आदेश का जैसे ही लोगों को पता चला, सभी अपने घरों के बाहर आ गए। एक-दूसरे को चीयर करने लगे। मेलबर्न भारतीयों के पसंदीदा शहरों में शामिल है।

लॉकडाउन खत्म होने का दिन किसी त्योहार से कम नहीं था। इतने लंबे समय तक दोस्तों और परिजनों से मिलने की खुशी लोगों के चेहरे पर साफ झलक रही थी। लोग इस जश्न को मनाने के लिए बार, रेस्टोरेंट और होटल्स में जाते नजर आए। हालांकि, यहां फिलहाल 20 प्रतिशत क्षमता सीमा के साथ ही लोगों को प्रवेश मिला।

ग्राहकों का स्वागत करता एक रेस्त्रां।

कुछ प्रतिबंध अब भी रहेंगे

भले ही लॉकडाउन हट गया हो, लेकिन कोरोना का संकट अभी खत्म नहीं हुआ है। इसलिए सभी लोगों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य है। किसी भी सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों में निर्धारित सीमा तक ही लोग इकट्ठा हो सकेंगे।

15 किमी तक ही कर सकेंगे यात्रा

अच्छी खबर यह है कि नौ बजे तक का कर्फ्यू खत्म कर दिया गया है। लोगों को 15 किलोमीटर तक की यात्रा करने की बिना किसी प्रतिबंध के छूट दी गई है। हालांकि, शहर से बाहर की यात्रा अब भी प्रतिबंधित है। अगर कोई किसी कारणवश जाता है तो उस व्यक्ति को विक्टोरिया ऐप में क्यूआर कोड के माध्यम से अपनी टीकाकरण की स्थिति को बताना होगा।

262 दिन बाद चली पिज्जा की भट्टी।

कब-कब रहा लॉकडाउन

लॉकडाउन 1 : 31 मार्च 2020 से 12 मई 2020 तक कुल 43 दिन

लॉकडाउन 2 : 9 जुलाई 2020 से 27 अक्टूबर 2020 तक कुल 111 दिन

लॉकडाउन 3 : 13 फरवरी 2021 से 17 फरवरी 2021 तक कुल 5 दिन

लॉकडाउन 4 : 28 मई 2021 से 10 जून 2021 तक कुल 14 दिन

लॉकडाउन 5 : 16 जुलाई 2021 से 27 जुलाई 2021 तक कुल 12 दिन

लॉकडाउन 6 : 5 अगस्त 2021 से 21 अक्टूबर 2021 तक कुल 78 दिन