Indonesia में पार कीं क्रूरता की हदें Animal lovers बिल्कुल न पढ़ें ये खबर

इंडोनेशिया (Indonesia) में पक्षी तस्करों ने क्रूरता की हदें पार कर दी हैं। पापुआ क्षेत्र में खड़े एक जहाज से पानी की एक लीटर वाली बोतलों में बंद 74 ब्लैक-कैप्ड लॉरी तोते (Black-capped lories parrot) बरामद हुए हैं। दुर्भाग्य से 10 तोतों की बोतलों में दम घुटने से मौत हो गई। घटना को लेकर किसी तस्कर की गिरफ्तारी नहीं हुई है। बोतलों में बंद तोतों की फोटो देखकर पशु प्रेमियों (animal lovers) को रोना आ सकता है।

फकफक शहर पुलिस के अनुसार जहाज के कर्मचारियों को एक डिब्बे से शोर-शराबा सुनाई दिया। कर्मचारियों ने पुलिस को सूचित किया कि डिब्बे में निश्चित रूप से कोई जानवर है। पुलिस ने जब डिब्बे को खोला तो सभी लोग आश्चर्यचकित रह गए। पानी की छोटे मुंह वाली बोतलों में तोते बंद थे। बड़ी बेदर्दी से उन्हें बोतलों में कैद किया हुआ था। ब्लैक-कैप्ड लॉरी प्रजाति के ये तोते न्यू गिनी (New Guinea) और उसके आसपास के द्वीपों पर पाए जाते हैं।

पुलिस के अनुसार तोतों को कहां ले जाया जा रहा था, यह साफ नहीं हुआ है। दरअसल, इंडोनेशिया के जंगलों में 130 प्रजाति के पक्षी संकट में हैं। यहां से बड़ी संख्या में इन पक्षियों की तस्करी होती है। ऑस्ट्रेलियन पाल्म कोकाटू जैसे पक्षी के तो ब्लैक मार्केट में 30,000 डॉलर तक मिल जाते हैं।

साल 2017 में भी इंडोनेशियाई अधिकारियों ने ड्रेनेज पाइप में ले जाए जा रहे 125 पक्षियों को मुक्त कराया था।