9 की आयु में पेंटिंग्स बेच कारगिल शहीदों के परिजनों को दिया था दान, ऐसे हैं BJYM के नए अध्यक्ष tejasvi surya

चमकता सितारा तेजस्वी सूर्या।

तेजस्वी सूर्या (tejasvi surya), नाम जैसा चेहरे पर तेज। 29 वर्षीय बेंगलूरु (दक्षिण) से भाजपा सांसद (M.P)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने तेजस्वी को भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वो पुनम महाजन (poonam mahajan) का स्थान ले रहे हैं। राजनीति करियर से इतर तेजस्वी के जीवन के दूसरे पहलुओं पर बात करते हैं। तेजस्वी स्वयं को स्वामी विवेकानंद (swami vivekanand), डॉ. बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर (dr. br Ambedker)) और वीर सावरकर (veer sawarkar) का अनुयायी मानते हैं। 16 नवंबर 1990 को डॉ. एल.ए. सूर्यनारायण और रमा के घर जन्मे तेजस्वी के देशप्रेम के जज्बे को यूं समझा जा सकता है कि मात्र 9 वर्ष की आयु में उन्होंने पेंटिंग्स बनाकर बेचीं और एकत्र राशि को कारगिल (kargil) शहीदों के परिजनों को दान किया था।

हिंदुत्व के कट्टर समर्थक तेजस्वी की वेबसाइट tejasvisurya.in के अनुसार 7 वर्ष की आयु में उन्होंने वेदाभ्यास, संस्कार और कर्नाटक संगीत सीखना शुरू कर दिया था। वो अच्छे गायक भी हैं। 10 वर्ष की आयु में उन्हें कर्नाटक सरकार ने कलाश्री अवॉर्ड से नवाजा। वैज्ञानिक नवाचार के लिए 11 वर्ष की आयु में तेजस्वी को देश की प्रथम महिला स्वर्गीय उषा नारायण ने बालश्री अवॉर्ड दिया।

जब तेजस्वी 13 वर्ष के थे, तभी से उन्होंने रामाकृष्ण आश्रम, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाओं और संस्कृत केंद्र अक्षरम् जाना प्रारंभ कर दिया। कर्नाटक सरकार से उन्हें स्टेट अवॉर्ड और प्रतिभा पुरस्कार भी मिला। 16 वर्ष की आयु में तेजस्वी ने अपना खुद का NGO ‘Arise India’ बना लिया, जो बेहतर भारत के लिए बीजारोपण का काम करता है। 17 वर्ष की आयु में तेजस्वी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में शामिल हो गए और जयानगर के नेशनल स्कूल में सचिव बने।

तेजस्वी तेजी से आगे बढ़ते गए। उन्होंने 23 वर्ष की उम्र में वकालत शुरू की और जब वो 25 वर्ष के हुए तो भारतीय जनता युवा मोर्चा, कर्नाटक के सचिव और 27 वर्ष की आयु में महासचिव बनाए गए। 28 वर्ष की आयु में तेजस्वी लोकसभा चुनाव लड़े और भारी मतों से विजय हासिल की।

तेजस्वी 2014 में नरेंद्र मोदी के कैंपन और उससे पहले पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की कालेधन पर जन चेतना यात्रा का हिस्सा रह चुके हैं। गंभीर विषयों जैसे राष्ट्रीय सुरक्षा, राइट टू एजुकेशन, क्लाइमेंट चेंज, अनुच्छेद 370, नागरिक संशोधन बिल जैसे मुद्दों पर उन्होंने बेबाकी से अपनी बात को रखा है।

तेजस्वी सूर्या भाजपा का चमका सितारा हैं। करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जैसे ही उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया, उनका नाम टि्वटर पर टॉप ट्रेंड में आ गया। तेजस्वी का अहमियत को आप यूं समझ सकते हैं कि उनके सांसद कार्यालय का उद्घाटन करने स्वयं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बेंगलूरु गए थे।

अपने चयन पर तेजस्वी ने ट्वीट किया, मेरे जैसे युवा कार्यकर्ता को दुनिया के सबसे युवा देश और दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की राष्ट्रीय युवा शाखा की जिम्मेदारी देना, यह केवल भाजपा में हो सकता है। मुझ में विश्वास जताने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार।