दक्षिण के इस नेता का गजब आरोप congress के साथ रहने से मेरी 12 साल की साख खत्म हो गई

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ कुमारास्वामी। फाइल फोटो

लगातार चुनाव हारने या हार का कारण बनने के लिए कांग्रेस अपने सहयोगियों के निशाने पर है। पिछले दिनों बिहार (bihar) में महागठबंधन की हार का सारा ठीकरा कांग्रेस के सिर ही फूटा था। ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (GHMC) में दयनीय प्रदर्शन पर कांग्रेस (congress) के तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष एन. उत्तम कुमार रेड्डी ने त्याग पत्र तक दे दिया। अब कर्नाटक (Karnataka) के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारास्वामी (HD Kumaraswamy) ने यहां तक कह दिया है कि कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के कारण उनका सबकुछ खत्म हो गया है।

जनता दल (एस) की 37 सीटें आने के बावजूद एचडी कुमारास्वामी कांग्रेस के सहयोग से मुख्यमंत्री बने थे। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा सीटें 105 सीटें जीतने वाली भाजपा को रोकने के लिए कुमारास्वामी को समर्थन दिया था, जबकि कांग्रेस की 80 सीटें थीं। अब कुमारस्वामी का कहना है कि यह समर्थन उनकी पार्टी को भारी पड़ गया।

अपने एक बयान में कुमारस्वामी ने यहां तक कह दिया कि साल 2006-07 और पिछले 12 साल के दौरान जो भी साख उन्होंने बनाई थी, वो कांग्रेस के साथ गठबंधन करने से खत्म हो गई। कुमारस्वामी ने अपना दर्द यूं बयां किया कि यदि में भाजपा के साथ अच्छे संबंध बनाए रखता तो आज भी मुख्यमंत्री होता।

कुमारास्वामी के बयान पर कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया (Siddaramaiah) ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कुमारास्वामी की साख कभी थी ही नहीं। कुमारास्वामी की पहचान तो झूठ बोलने की है। हमने अधिक सीट जीतने के बावजूद उन्हें 14 महीने मुख्यमंत्री बनाया। वो तो वेस्ट एंड होटल से सरकार चला रहा था।