Childrens day पर नौनिहाल चलाएंगे Rajasthan विधानसभा बताएंगे कैसी होनी चाहिए हमारी government

बाल दिवस पर राजस्थान विधानसभा में बाल सत्र का आयोजन किया जाएगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला 14 नवंबर को प्रातः 11 बजे बाल सत्र का दीप प्रज्वलन कर शुभारम्भ करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी स्वागत उद्बोधन देंगे। समारोह को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया भी संबोधित करेंगे। राष्ट्रमंडल संसदीय संघ, राजस्थान शाखा के सचिव संयम लोढा आभार ज्ञापित करेंगे।

कार्यक्रम का प्रारंभ वन्दे मातरम् से और समापन राष्ट्रगान के साथ होगा। बिडला समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। वे समारोह को सम्बोधित भी करेंगे। देश की स्वतंत्रता के 75 वें आजादी अमृत महोत्सव के तहत बाल दिवस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी. पी. जोशी की पहल पर राजस्थान विधान सभा में यह अनूठा समारोह आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम लगभग दो घंटे तक चलेगा। देश में राजस्थान ही ऐसा प्रदेश है, जहां बाल दिवस पर प्रदेश की विधानसभा में बाल सत्र होगा।

लोकतांत्रिक प्रणाली में एक नज़ीर पेश करेगा महोत्सव

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी देश में नया इतिहास रचने जा रहे हैं। राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की राजस्थान शाखा के अध्यक्ष डॉ.जोशी की पहल पर आयोजित विधानसभा बाल सत्र भारत की लोकतांत्रिक प्रणाली में एक नयी नज़ीर पेश करेगा। 14 नवंबर को आज़ादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले इस विशेष सत्र में देश के 200 बच्चे भाग लेंगे।

बच्चों ने विधानसभा पहुचंकर समझी कार्यप्रणाली

राजस्थान विधानसभा में होने वाले बाल सत्र की तैयारियां पूरी हो गयी हैं। बाल सत्र में शामिल होने वाले बच्चों ने विधानसभा पहुंचकर समझा कि क्यों विपक्ष के नेता पूछते हैं सवाल और मंत्रियों को कैसे देना होता है जवाब। प्रश्नकाल कैसे चलता है और कौन लेकर आता है सदन में स्थगन प्रस्ताव। सरकार कैसी होनी चाहिए, इसे लेकर बच्चों ने पिछले चार महिने में कई तरह के सुझाव भी दिये हैं। राजनीति में कई बदलावों की बातें की हैं। बच्चों ने अपनी परेशानियों को देश के सामने रखा है। अब मौका है सदन के सामने अपनी बात रखने का।

विधानसभा के यू-ट्यूब चैनल पर होगा प्रसारण

विधानसभा सदन में दो सौ बच्चे बैठेगें। बच्चे अध्यक्ष सदन के नेता, नेता प्रतिपक्ष, मंत्री, सरकारी मुख्य सचेतक, उप मुख्य सचेतक, उप नेता की भूमिका निभायेंगे। बच्चों द्वारा सदन में की जाने वाली बहस का सजीव प्रसारण राजस्थान विधानसभा के यू-ट्यूब चैनल पर होगा। विधानसभा के सदस्यगण दर्शक दीर्घा में बैठकर बच्चों द्वारा चलाये जाने वाले सत्र की कार्यवाही को देखेंगे।