लेंटाना से बेचैन हिरणों के झुंड को देख आईजी बिनीता ठाकुर ने छेड़ दिया बड़ा अभियान

लेंटाना खपतवार को उखाड़तीं आईजी बिनीता ठाकुर।

कुछ दिनों पहले राजस्थान की उदयपुर पुलिस महानिरीक्षक बिनीता ठाकुर जब सज्जनगढ़ वन्यजीव अभयारण्य आईं तो हिरणों के झुंड को लेंटाना के कारण बेहद बेचैन पाया। हिरणों के नेचुरल हैबिटेट में इस खपतवार ने अतिक्रमण कर लिया था। आईजी ठाकुर ने विशेषज्ञों से बातचीत की। पता चला कि अभयारण्य के 50 प्रतिशत भाग में यह खरपतवार फैला हुआ है। इसके कारण ग्रासलैंड पनप नहीं पा रहा है। घास पर जिंदा रहने वाले शाकाहारी जीव यथा चीतल, सांभर आदि के भोजन की समस्या पैदा हो रही है।

पिछले महीने से आईजी ठाकुर के नेतृत्व में प्रतिदिन 35-40 पुलिसकर्मी, वन विभागीय कार्मिक और अन्य पर्यावरण प्रेमी लेंटाना को हटाने के काम में जुटे हुए हैं। लेंटाना को हटाने के लिए विशेष यंत्र मंकी जैक का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे लेंटाना को जड़ समेत उखाड़ फेंका जा सके। फिल्म द गाजी अटैक, चितकबरे, कच्ची सड़क, खिलाड़ी 786 सहित कई फिल्मों में काम कर चुके अभिनेता राहुल सिंह भी इस मुहिम से जुड़े हैं।

हनुमान चालीसा दे रही प्रेरणा

लेंटाना उन्मूलन की मुहिम में आईजी बिनीता ठाकुर के कांधे से कांधा मिलाकर कार्य कर रहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध और सतर्कता) स्वाति शर्मा ने बताया कि सुबह-सुबह पास के मंदिर में प्रतिदिन बजने वाली हनुमान चालीसा की स्वर लहरियां श्रमदान करने वालों को प्रेरित कर ऊर्जा का संचार करती रहती हैं।

इसलिए जरूरी है लेंटाना को हटाना

पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. सतीश शर्मा के अनुसार लेंटाना अमेरिका का मूल निवासी पौधा है। भारत में खरपतवार के रूप में प्रवेश कर गया है। यह अत्यधिक तेजी से बढ़ रहा है। इससे वन्य क्षेत्र कटने लगे हैं। लेंटाना अत्यधिक बढ़ने से यह स्थानीय वनस्पति को जल भोजन और प्रकाश पर्याप्त मात्रा में नहीं मिलने देता। स्थानीय वनस्पति कम होने लगी है और शाकाहारी वन्यजीवों को भोजन मिलना बंद हो गया है या कम हो गया है। वे फसलों की ओर बढ़ने लगे हैं। शाकाहारी जीवों के कम होने से मांसाहारी जीवों का भी भोजन कम हो गया है और वे भी पालतू पशुओं पर आक्रमण करने लगे हैं।